सिद्धार्थ नगर – विकास कार्यों में लापरवाही पर DM की बड़ी कार्रवाई, बैरवा नानकार की प्रधान के वित्तीय अधिकार सीज

​इसके अलावा, बांसी ब्लॉक के बसंतपुर गांव के एक अन्य मामले में तत्कालीन पंचायत सचिव परशुराम मणि त्रिपाठी को भी निलंबित कर दिया गया है। ये कार्रवाई दिखाती है कि प्रशासन अब विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगा।

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर: विकास कार्यों में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने जोगिया विकास खंड की ग्राम पंचायत बैरवा नानकार की प्रधान सरोज यादव के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों पर तत्काल रोक लगा दी है। यह कार्रवाई वित्तीय वर्ष 2023-24 में आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालय के निर्माण में कथित लापरवाही के बाद की गई है।

​जांच में सामने आई लापरवाही

​एक शिकायती पत्र के आधार पर की गई जांच में यह पाया गया कि ग्राम पंचायत बैरवा नानकार में पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र और सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य अधूरा है। प्रधान सरोज यादव ने जल्द से जल्द काम पूरा कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद कोई प्रगति नहीं हुई। इसे निर्माण कार्यों में असहयोग और बाधा डालने का मामला मानते हुए जिलाधिकारी ने प्रधान के खिलाफ यह सख्त कदम उठाया।

​तीन सदस्यीय कमेटी करेगी संचालन

​जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान के अधिकार सीज करते हुए ग्राम निधि के खाता संचालन के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाने का भी निर्देश दिया है। यह कमेटी अब विकास कार्यों की देखरेख करेगी। इस पूरे मामले की अंतिम जांच के लिए उपायुक्त श्रम एवं रोजगार को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।