📅 Published on: September 15, 2025
Kapilvastupost
बांसी, संतकबीरनगर: जिले में चोरों के आतंक की अफवाह इस कदर फैल गई है कि भीड़ बिना किसी ठोस जानकारी के किसी भी संदिग्ध पर हमला कर दे रही है. ताजा मामला बांसी कस्बे का है, जहां शनिवार की रात चोर समझकर भीड़ ने एक बोलेरो में सवार पुलिसकर्मी सहित चार लोगों पर हमला कर दिया. इस हमले में बोलेरो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो लोगों को हल्की चोटें भी आईं।
यह घटना शनिवार रात करीब ग्यारह बजे की बताई जाती है. धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र से एक बोलेरो में सवार होकर एक महिला सहित चार लोग, जिनमें एक पुलिसकर्मी भी शामिल थे, बांसी के मंगल बाजार से आब्दी तिराहे की ओर जा रहे थे. जैसे ही वे तिराहे के पास पहुंचे, स्थानीय लोगों ने उन्हें चोर समझकर लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया ।
भीड़ ने बोलेरो को भी बुरी तरह से तोड़ दिया और उसमें सवार लोगों के साथ मारपीट भी की।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ मयंक द्विवेदी और कोतवाली प्रभारी गौरव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने किसी तरह भीड़ को शांत कराया और बोलेरो में सवार लोगों से पूछताछ की. उन्होंने बताया कि वे धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र से बांसी में एक लड़की को ले जाने के लिए आए थे. वे कोई चोर या लुटेरे नहीं हैं. पुलिस ने तत्काल इसकी पुष्टि की और पाया कि उनका बयान सही था।
मामले की जांच होने पर पुलिस ने स्थानीय लोगों को काफी समझाया, जिसके बाद मामला शांत हो सका. सीओ मयंक द्विवेदी ने बताया कि बोलेरो में सवार कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं. उन लोगों ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई, इसलिए कोई केस दर्ज नहीं किया गया।
अपील: अफवाहों से बचें, कानून हाथ में न लें – एसपी अभिषेक महाजन
इस तरह की घटनाओं को देखते हुए, एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जनता से शांति और संयम बरतने की अपील की. उन्होंने कहा, “बिना सही जानकारी जुटाए ग्रामीण किसी को परेशान न करें. किसी भी सूरत में भीड़ द्वारा की गई हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.”
एसपी ने जोर देकर कहा, “कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में न ले. अगर किसी को कोई संदिग्ध व्यक्ति मिलता है, तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें. पुलिस हर मामले की जांच करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.” उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की जानकारी को पहले पुलिस के साथ साझा करें.