📅 Published on: September 15, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर जिले में खेसरहा पुलिस और एसओजी की एक संयुक्त टीम ने 12 सितंबर को खेसरहा क्षेत्र के बेलउख गांव के पास एक बगीचे में हुई युवक की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतक की सोने की चेन भी बरामद की है। दोनों आरोपी मृतक के दोस्त थे।
एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने रविवार को पुलिस लाइंस सभागार में पत्रकारों को इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 12 सितंबर को खेसरहा थाना क्षेत्र के बेलउख गांव के पास विशंभर राय के बगीचे में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मृतक की पहचान बनुहिया बुजुर्ग, खेसरहा के रहने वाले आकाश गुप्त के रूप में हुई थी।
इस घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने के लिए एसओजी और पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया था।
हत्या की वजह बनी प्रेम प्रसंग की बात
पुलिस को जांच के दौरान मृतक का टूटा हुआ मोबाइल मिला, जिसका डेटा रिकवर किया जा रहा है। एसपी ने बताया कि कुछ महीने पहले मृतक आकाश गुप्त ने आरोपी निखिल राय की प्रेमिका से बात की थी, जिससे दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस का मानना है कि यही झगड़ा हत्या की वजह हो सकता है। मोबाइल का डेटा पूरी तरह से रिकवर होने के बाद और भी जानकारी मिलने की उम्मीद है।
पुलिस टीम को मिला 15 हजार का इनाम
एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने इस जघन्य अपराध का खुलासा करने वाली टीम को 15,000 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। इस टीम में खेसरहा के थानाध्यक्ष अनुप कुमार मिश्र, एसओजी प्रभारी जीवन त्रिपाठी, सर्विलांस सेल के प्रभारी हरेन्द्र चौहान सहित कई अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।