📅 Published on: September 26, 2025
अध्यक्ष प्रतिनिधि जावेद आलम और ईओ नवीन कुमार सिंह ने किया श्रमदान, कर्मचारियों को बांटे रेनकोट
Kapilvastupost
कपिलवस्तु। स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत नगर पंचायत कपिलवस्तु में गुरुवार को एक वृहद साफ-सफाई अभियान चलाया गया। नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रतिनिधि जावेद आलम और ईओ नवीन कुमार सिंह सहित नगर पंचायत के सैकड़ों कर्मचारी इस अभियान में शामिल हुए।
अध्यक्ष प्रतिनिधि जावेद आलम ने चैनपुर चौराहे पर स्थित योग मुद्रा स्थल पर स्वयं श्रमदान करते हुए व्यापारियों व नगर कर्मियों संग स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान, उन्होंने सफाई कर्मचारियों में रेनकोट भी वितरित किए।
इस अवसर पर, चेयरमैन प्रतिनिधि जावेद आलम ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन से शुरू हुआ सेवा पखवाड़ा दो अक्टूबर तक चलेगा। स्वच्छता अभियान से समाज में जागरूकता आती है और यह बेहद जरूरी है। हमारी कोशिश है कि कपिलवस्तु को सबसे स्वच्छ नगर पंचायत बनाया जाए। इस अभियान में बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को दो अक्टूबर को सम्मानित किया जाएगा।”
वहीं, ईओ नवीन कुमार सिंह ने अभियान की महत्ता पर ज़ोर देते हुए कहा, “नगर पंचायत कपिलवस्तु स्वच्छता ही सेवा के तहत पूरी तरह सजग है। एक घंटा, एक दिन, एक साथ अभियान में सभी की भागीदारी जरूरी है ताकि हम स्वच्छता के लक्ष्य को प्राप्त कर सकें। सफाई कर्मचारियों को रेनकोट वितरित करना उनकी सेवा के प्रति हमारे सम्मान को दर्शाता है।”
नगर पंचायत के कर्मचारियों ने भी गलियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया।