📅 Published on: October 16, 2025
गुरु जी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा और उनकी पत्नी बबिता वर्मा ने गुरुवार को बढ़नी ब्लॉक में आयोजित दो अलग-अलग कार्यक्रमों में आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिकाओं को सम्मानित किया। इस दौरान विधायक ने इन स्वास्थ्यकर्मियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को ‘मां यशोदा’ जैसा बताया।
206 आशा बहुओं व स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान
पहला कार्यक्रम बढ़नी पीएचसी में आयोजित हुआ, जहाँ 206 आशा बहुओं व स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान किया गया।
388 आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिकाओं का सम्मान
दूसरा कार्यक्रम परसा स्टेशन गाँव में हुआ, जहाँ बढ़नी ब्लॉक की 388 आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिकाओं को सम्मानित किया गया।
गोदभराई व अन्नप्राशन की रस्म
इस अवसर पर गोदभराई की रस्म भी निभाई गई। विधायक विनय वर्मा ने प्रतीक स्वरूप कुछ गर्भवती महिलाओं को दवाएं और पौष्टिक खाद्य सामग्री उपहार स्वरूप भेंट की। इसके साथ ही, कुछ बच्चों को खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।
‘मां यशोदा की तरह निभाती हैं भूमिका’
अपने संबोधन में विधायक विनय वर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री व आशा बहुओं की भूमिका मां यशोदा की तरह है, क्योंकि उन्हें मां यशोदा की तरह बच्चों का पालन-पोषण करना होता है। उन्होंने कहा कि शासन की सभी योजनाओं को सफल बनाने में इन कार्यकर्ताओं और बहुओं का महत्वपूर्ण योगदान होता है, और वह हमेशा उनके हितों के लिए प्रयासरत रहेंगे।
इस दौरान बढ़नी एमओआईसी डा.अविनाश चौधरी, सीडीपीओ रविन्द्र यादव, डा.पी के वर्मा, हरिराम निषाद, रामदास मौर्य, दुर्गेश पाण्डेय, योगेन्द्र तिवारी, श्यामू गुप्ता, हरगोविंद मिश्र, दलसिंगार दूबे, प्रदीप कमलापुरी, रेणुका विश्वास, विजय पाण्डेय, विष्णु सिंह, विशाल सिंह आदि मौजूद रहे।