📅 Published on: October 25, 2025
सरताज आलम
उसका बाजार/सिद्धार्थनगर।
जनपद सिद्धार्थनगर के थाना उसका बाजार क्षेत्र के ग्राम तिघरा में शुक्रवार को उस समय मातम छा गया, जब लक्ष्मीजी की अपनी बनाई मूर्ति का विसर्जन करने गया एक किशोर नदी में डूब गया। हादसे की सूचना मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, लगभग 16 वर्षीय सन्देश पुत्र सन्तोष शुक्रवार की दोपहर गांव के पास स्थित नदी किनारे भैंस चराने गया था। इसी दौरान उसने अपनी हाथों से बनाई मिट्टी की लक्ष्मीजी की मूर्ति का विसर्जन करने का निर्णय लिया और कुछ बच्चों के साथ नदी की ओर चला गया।
मूर्ति लेकर जैसे ही सन्देश नदी में उतरा, उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। कुछ ही पलों में वह नदी की तेज धारा में बह गया। साथी बच्चों ने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना उसका बाजार पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया, लेकिन देर रात तक सन्देश का कोई सुराग नहीं मिल सका। शनिवार सुबह पुनः अभियान शुरू किया गया, जिसके बाद कई घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने उसका शव नदी से बरामद किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि नदी का किनारा अत्यंत फिसलन भरा है, जहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीण प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम की मांग कर रहे हैं।