📅 Published on: October 25, 2025
सरताज आलम
बढ़नी/सिद्धार्थनगर।
साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिद्धार्थनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना ढेबरुआ पुलिस और जनपदीय साइबर सेल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन फ्रॉड में ठगे गए ₹30,000 की पूरी धनराशि वापस पीड़िता के खाते में जमा कराई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के कुशल मार्गदर्शन में की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, श्रीमती खतीजा खातून, पत्नी स्व. मो. छेदी, निवासी ग्राम रेहकट टोला नजरगढ़वा, थाना ढेबरुआ, जनपद सिद्धार्थनगर के खाते से 1 जुलाई 2025 को अज्ञात कारणों से ₹30,000 की ऑनलाइन ठगी हो गई थी।
मामले की शिकायत पर थाना ढेबरुआ पुलिस और जनपदीय साइबर सेल ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पूर्ण धनराशि ₹30,000 शिकायतकर्ता के खाते में वापस कराई।
इस सराहनीय कार्य के लिए पीड़िता ने ढेबरुआ पुलिस और साइबर सेल टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
धनराशि बरामद कराने वाली पुलिस टीम में –
थानाध्यक्ष ढेबरुआ नरायन लाल श्रीवास्तव,
साइबर प्रभारी उप निरीक्षक जयप्रकाश प्रसाद,
कांस्टेबल मोहित कुमार पुण्डीर,
कांस्टेबल सतीश कुमार,
हेड कांस्टेबल अतुल चौबे (साइबर थाना) तथा
कांस्टेबल विशाल तिवारी (साइबर थाना) शामिल रहे।
इस सफलता ने एक बार फिर सिद्धार्थनगर पुलिस की साइबर अपराध नियंत्रण के प्रति तत्परता और संवेदनशीलता को साबित किया है।