पुलिस की बर्बरता: रजनीश पटेल पर जानलेवा हमला; ‘सपा पीड़ित परिवार के साथ,’ नेता प्रतिपक्ष ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

Niyamtullah khan 

​सिद्धार्थ नगर । प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने रजनीश पटेल पर हुए जानलेवा हमले की निंदा की है और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पांडेय ने आज पीड़ित रजनीश पटेल के गांव चंपापुर पहुंचकर उनके परिवार वालों से मुलाकात की और उन्हें हर स्तर से मदद का भरोसा दिया।

​नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि रजनीश पटेल पर हमला करने वाले पुलिसकर्मी शराब के नशे में थे। उन्होंने कहा, “पुलिस अपनी मर्यादा भूल कर रक्षक की भूमिका से दूर हो चुकी है। ऐसे लोगों को बिल्कुल ही नहीं बख्शा जाना चाहिए। कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।”

माता प्रसाद पांडेय ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को पूरी तरह से ध्वस्त बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का कोई अंकुश नहीं रह गया है और जिन पर लोगों की रक्षा की जिम्मेदारी है, वही भक्षक बन गए हैं, जिससे हर ओर अशांति का माहौल है।

इलाज का खर्च उठाने की मांग: नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि गंभीर अवस्था में लखनऊ में इलाज करा रहे गरीब परिवार के बेटे रजनीश पटेल के इलाज का पूरा खर्च पुलिस को उठाना चाहिए

सपा का समर्थन: उन्होंने दोहराया कि “सपा पीड़ित परिवार के साथ है और उसे हर स्तर से मदद देगी।”

भाजपा ने भी की निंदा:

​इस दुखद घटना के बाद भाजपा पिछड़ा प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय अध्यक्ष शिवनाथ चौधरी भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने घटना को बहुत दुखद बताया और आश्वासन दिया कि “पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी कीमत पर अपराध को बढ़ावा नहीं देने देगी।

​इस दौरान पूर्व विधायक विजय पासवान, जिपंस सबलू साहनी आदि भी मौजूद रहे।