पंचायत चुनाव-2026: सिद्धार्थनगर में मतदाता सूची से हटाए जाएंगे 2.22 लाख संभावित ‘डुप्लीकेट’ वोटर्स जब जानकारी थी तो पहले से कार्यवाही क्यों नहीं हुई

Kapilvastupost

​आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2026 की तैयारियों के बीच सिद्धार्थनगर जिले में मतदाता सूची के वृहद पुनरीक्षण अभियान ने गति पकड़ ली है। पुनरीक्षण कार्य के दौरान जनपद की मतदाता सूची में लगभग 2.22 लाख संभावित डुप्लीकेट वोटर चिह्नित किए गए हैं। प्रशासन का मानना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मतदाताओं की वास्तविक संख्या का स्पष्ट आंकड़ा सामने आएगा।

​घर-घर सत्यापन में चिह्नित हुए डुप्लीकेट नाम

​विशेष अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाता विवरण की जांच की जा रही है। सूची में दर्ज डुप्लीकेट प्रविष्टियों वाले नामों का सत्यापन प्राथमिकता से किया जा रहा है, जिसके बाद मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन (अपडेट) किया जाएगा।

​प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत, आशुतोष कुमार प्रजापति ने बताया कि पुनरीक्षण के बाद अनंतिम मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 5 दिसंबर को किया जाएगा।

इसमें पंचायत चुनाव के लिए आवश्यक सभी संशोधन प्रारंभिक रूप से परिलक्षित होंगे। इसके बाद दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी, ताकि अंतिम सूची पूर्णतः त्रुटिरहित रूप से तैयार हो सके।

​मतदाताओं से अपील: विवरण की जांच करें और सुधार कराएं

​एडीओ प्रजापति ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नाम, पता, फोटो तथा अन्य विवरण की जांच अनिवार्य रूप से करें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में निर्धारित अवधि में सुधार हेतु आवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान पंचायत चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और मजबूत मतदाता आधार पर संचालित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

​ब्लॉकवार संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की संख्या

​जिले के विभिन्न ब्लॉकों में चिह्नित किए गए संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है:

ब्लॉक

डुप्लीकेट मतदाता (संभावित)

खुनियांव

22,245

खेसरहा

24,045

मिठवल

21,416

जोगिया

15,895

डुमरियागंज

17,926

नौगढ़

14,749

बढ़नी

13,672

बांसी

17,401

भनवापुर

17,562

इटवा

12,723

उस्का बाजार

9,335

लोटन

10,274

शोहरतगढ़

11,827

कुल योग

लगभग 2,22,000