विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2025: शत-प्रतिशत लक्ष्य भेदने वाले 10 बीएलओ को डीएम ने किया सम्मानित

गुरुजी की कलम से 

सिद्धार्थनगर जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2025 (Special Intensive Revision) के तहत शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कर मिसाल कायम करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आज जिला प्रशासन द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी कक्ष में आयोजित एक कार्यक्रम में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने नौगढ़ और शोहरतगढ़ तहसील के चयनित बीएलओ का उत्साहवर्धन किया।

10 बीएलओ को मिला प्रशस्ति-पत्र और अंगवस्त्र जिलाधिकारी ने तहसील नौगढ़ के 05 और तहसील शोहरतगढ़ के 05 बीएलओ, जिन्होंने अपने क्षेत्र में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण किया है, को प्रशस्ति-पत्र और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। प्रशासन की इस पहल से अन्य कर्मचारियों में भी कार्य के प्रति सकारात्मक संदेश गया है।

सम्मान समारोह के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने सभी बीएलओ के कार्य की सराहना की। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन बीएलओ ने अपना लक्ष्य पूरा कर लिया है, वे अन्य साथियों का भी सहयोग करें ताकि जिले में अभियान का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जा सके।

इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) गौरव श्रीवास्तव,अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ज्ञानप्रकाश ,उपजिलाधिकारी (शोहरतगढ़) विवेकानन्द मिश्र ,नायब तहसीलदार शोहरतगढ़ मेहबुब आलम , नायब तहसीलदार (नौगढ़) विजय श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे |

जिला प्रशासन का यह कदम न केवल बीएलओ का मनोबल बढ़ाएगा, बल्कि चुनावी प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी व सुदृढ़ बनाने में भी सहायक सिद्ध होगा।