भीषण हादसा: सिद्धार्थनगर में अलग-अलग घटनाओं में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत

नियमतुल्लाह खान

सिद्धार्थनगर। जिले में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। उस्का बाजार थाना क्षेत्र में एक ट्रक ने बाइक सवार को बुरी तरह रौंद दिया, जिससे उसका शरीर पूरी तरह चिपटा हो गया। वहीं, डुमरियागंज थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से शादी में शामिल होने आए युवक ने दम तोड़ दिया।

ट्रक की चपेट में आने से शरीर चिपटा, शिनाख्त नहीं

​उस्का बाजार थाना क्षेत्र के उस्का-बृजमनगंज मार्ग पर झारखंडी महादेव गांव के पास सोमवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे यह भीषण दुर्घटना हुई। एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को रौंद दिया, जिससे वह ट्रक के पहिए के नीचे आ गया और उसका पूरा शरीर चिपटा हो गया

​ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच, चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। शरीर बुरी तरह से विकृत हो जाने के कारण मृतक की खबर भेजे जाने तक शिनाख्त नहीं हो सकी थी। थानाध्यक्ष हरे कृष्ण उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने शव और ट्रक को कब्जे में ले लिया है और शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।

शादी समारोह से लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला

​दूसरी घटना डुमरियागंज थाना क्षेत्र के सेखुई गांव के पास बैदौला-बांसी मार्ग पर रविवार की रात हुई। पथरा बाजार थाना क्षेत्र के मरवटिया गांव निवासी हरिश्चंद्र तीस वर्ष पुत्र रामजी, जो अपनी साली की शादी में शामिल होने कूड़ी गांव गए थे, कुछ सामान लेने औराताल चौराहे पर गए थे।

​सामान लेकर वापस कूड़ी गांव लौटते समय किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाले वाहन पर डीजे लदा था। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मृतक के भाई राहुल की तहरीर पर केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।