आठ दिन से लापता युवक का शव तालाब में मिला, परिजनों में मचा कोहराम

Kapilvastupost
भवानीगंज (सिद्धार्थनगर): उत्तर प्रदेश के भवानीगंज थाना क्षेत्र के देइपार गांव में पिछले आठ दिनों से लापता 27 वर्षीय युवक पिंटू पुरी का शव रविवार सुबह गांव के ही एक पोखरे (तालाब) में उतराता हुआ मिला। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई।

घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, देइपार गांव में रामलीला का आयोजन चल रहा था, जिसका समापन 10 जनवरी की रात को हुआ था। समापन के अवसर पर प्रसाद वितरण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पिंटू पुरी वहीं सो गया था।

जब वह अगली सुबह घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान तालाब के बाहर पिंटू की शाल और चप्पल मिलने से किसी अनहोनी की आशंका गहरा गई थी।

पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद 13 जनवरी को SDRF की टीम ने भी घंटों रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, पर सफलता नहीं मिली थी।
पुलिस की कार्रवाई
रविवार सुबह जब ग्रामीणों ने शव को पानी में तैरते देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इंटरनेट इमेजेस