📅 Published on: January 25, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर/उस्का बाजार: सदर तहसील के ग्राम रसूलपुर और उस्का बाजार नगर पंचायत में निर्वाचन आयोग द्वारा जारी SIR (Statistical Information Report) नोटिस ने ग्रामीणों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। रसूलपुर के लगभग 250 ग्रामीणों को यह नोटिस मिलने के बाद पूरे गांव में चिंता का माहौल व्याप्त हो गया। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर सदर तहसीलदार देवेन्द्र मणि त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा और अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।
तहसीलदार ने दिया समाधान का आश्वासन
ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए तहसीलदार देवेन्द्र मणि त्रिपाठी ने उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी पात्र व्यक्ति को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राप्त शिकायतों और अभिलेखों की जांच के बाद 28 जनवरी तक सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर दिया जाएगा।
उस्का बाजार: 2200 लोगों को नोटिस, कैंप में पहुंचे सिर्फ 53
दूसरी ओर, उस्का बाजार नगर पंचायत कार्यालय पर भी शनिवार को SIR फॉर्म में त्रुटियों के संबंध में जारी नोटिसों पर सुनवाई की गई। अधिशासी अधिकारी (EO) अभिनव श्रीवास्तव ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 2200 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं, लेकिन सुनवाई के पहले दिन केवल 53 लोग ही अपने दस्तावेज लेकर पहुंचे।
ईओ ने अपील की है कि जिन भी नागरिकों को नोटिस प्राप्त हुआ है, वे शीघ्र नगर पंचायत कार्यालय आकर अपने आवश्यक कागजात जमा कर दें ताकि डेटा में सुधार किया जा सके।