सिद्धार्थनगर: बिना मान्यता चल रहे स्कूलों पर गिरा गाज, लोटन के वीएस नेशनल पब्लिक स्कूल पर लगा 1 लाख का जुर्माना

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जनपद में बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले अवैध शिक्षा केंद्रों के खिलाफ प्रशासन ने अब कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। लोटन ब्लॉक के ठोठरी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित वीएस नेशनल पब्लिक स्कूल पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) शैलेश कुमार ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है।
जांच में नहीं मिले दस्तावेज, मौके पर ही स्कूल बंद
छापेमारी के दौरान विद्यालय प्रबंधन मान्यता से जुड़े कोई भी वैध दस्तावेज बीएसए के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर सका। मानकों की अनदेखी और अवैध संचालन की पुष्टि होने पर बीएसए ने तत्काल प्रभाव से स्कूल को बंद करने का आदेश दिया। साथ ही, शिक्षा विभाग के नियमों का उल्लंघन करने पर स्कूल संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
BSA की सख्त चेतावनी: अब सीधे दर्ज होगी FIR
बीएसए शैलेश कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि बिना मान्यता के स्कूल चलाना कानूनन अपराध है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में जनपद में कहीं भी बिना मान्यता प्राप्त स्कूल संचालित पाए गए, तो संचालकों के खिलाफ केवल जुर्माना नहीं, बल्कि सीधे एफआईआर (FIR) दर्ज कराई जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के शैक्षिक भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अवैध स्कूलों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।