सिद्धार्थनगर: 77वें गणतंत्र दिवस पर कलेक्ट्रेट और पुलिस लाइन में गूँजा राष्ट्रगान, जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
📅 Published on: January 26, 2026
kapilvastupost
सिद्धार्थनगर, 26 जनवरी 2026
जनपद सिद्धार्थनगर में 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह राष्ट्रभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट भवन और पुलिस लाइन में आयोजित किए गए, जहाँ जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी.एन. ने ध्वजारोहण कर राष्ट्र को नमन किया।
कलेक्ट्रेट में गरिमामय ध्वजारोहण और राष्ट्रीय संकल्प
प्रातः 8:30 बजे जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट भवन पर तिरंगा फहराया। इस दौरान सामूहिक राष्ट्रगान के बाद उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय संकल्प को दोहराया। पुलिस के जवानों ने जिलाधिकारी को सलामी दी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ज्ञान प्रकाश और वरिष्ठ कोषाधिकारी रमेन्द्र कुमार मौर्य सहित कलेक्ट्रेट परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
“संविधान की शक्ति और गरीबों की सेवा ही असली राष्ट्रभक्ति”
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों को नसीहत देते हुए कहा अपने पटल पर आने वाले किसी भी व्यक्ति को परेशान न करें और सबका काम करें। हमें देश की सेवा का अवसर मिला है, इसे पूरी निष्ठा से निभाएं।”
इस दौरान रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज के छात्रों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए, जिन्हें जिलाधिकारी द्वारा पुरस्कृत भी किया गया।
पुलिस लाइन में भव्य परेड और ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ की सराहना
कलेक्ट्रेट के बाद जिलाधिकारी ने पुलिस लाइन में मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और पुलिस परेड की सलामी ली। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने शांति के प्रतीक गुब्बारे आसमान में छोड़े।
पुलिस विभाग की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि:
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत जनपद में 16 हजार से अधिक कैमरे लगाए गए हैं।
डायल 112 और महिला जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है।
आरक्षियों के लिए नए बैरक और आवास का निर्माण कार्य प्रगति पर है।


