ई-रिक्शा की टक्कर का विवाद बना काल: युवक की सरेआम हत्या, बनुहिया बुजुर्ग गांव में भारी पुलिस बल तैनात

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: जिले के ख़ेसरहा  थाना क्षेत्र के बनुहिया बुजुर्ग गांव में रविवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुरानी रंजिश के चलते हुई इस वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।

पुरानी रंजिश और ई-रिक्शा का विवाद
मृतक की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से ई-रिक्शा चालक था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व मनोज का गांव के ही हरिओम यादव के साथ विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि हरिओम बाइक से आ रहा था और मनोज अपने घर के बाहर ई-रिक्शा घुमा रहा था, तभी दोनों के बीच टक्कर हो गई। यह मामूली विवाद इतना बढ़ा कि मामला थाने तक पहुँच गया था। इसी खुन्नस के चलते आज सुबह मनोज की हत्या कर दी गई।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एडिशनल एसपी प्रशांत कुमार और सीओ बांसी रोहिणी यादव ने तत्काल घटनास्थल का मुआयना किया। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
छावनी में तब्दील हुआ गांव
वारदात के बाद गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जोगिया, बांसी और डिड़ई थानों की पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।