वोट काटने की साजिश कर रही भाजपा, सड़क से न्यायालय तक लड़ेंगे लड़ाई: माता प्रसाद पांडेय

Kapilvastupost
इटवा (सिद्धार्थ नगर): समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा अपनी हार के डर से असंवैधानिक हथकंडे अपना रही है। इटवा तहसील में आयोजित एक विशाल विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा फर्जी तरीके से सपा के पारंपरिक वोट कटवाने का षडयंत्र रच रही है।

फर्जी फॉर्म-7 के जरिए वोट हटाने का आरोप
माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि जब बीएलओ पहले ही मृतकों और बाहर रहने वालों के नाम हटा चुके हैं, तो अब किसका नाम काटा जा रहा है? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग फर्जी हस्ताक्षर करके फॉर्म-7 का वितरण कर रहे हैं ताकि समाजवादी पार्टी के समर्थकों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी बीएलओ इस फर्जीवाड़े में शामिल होगा, उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विपक्ष ने भरी हुंकार: “छीनने नहीं देंगे वोट का अधिकार”
प्रदर्शन के दौरान अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी सरकार को घेरा:
विधायक सैय्यदा खातून ने कहा कि सरकार चोरी-छिपे जनता के वोट देने का अधिकार छीनना चाहती है। इसके खिलाफ हम सड़क पर संघर्ष करेंगे।

जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने आरोप लगाया कि जानबूझकर PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) और पारंपरिक मतों को निशाना बनाया जा रहा है।
समाजवादी चिंतक वो नेता मनींद्र मिश्रा ने कहा भाजपा महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाकर ‘वोट चोरी’ करने पर तुली है।

निर्वाचन आयोग को सौंपा ज्ञापन
कार्यक्रम के अंत में समाजवादियों ने एकजुट होकर निर्वाचन आयोग को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी (SDM) इटवा को सौंपा और इस पूरे मामले में तत्काल निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर जुबैदा चौधरी, बेचई यादव, उदयभान तिवारी और प्रतीक राय शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।