गोरखपुर फिजियोकॉन-2026: डॉ. सुभाष यादव ‘बेस्ट फिजियो इन ऑर्थो’ सम्मान से नवाजे गए, सम्मेलन में आधुनिक तकनीकों पर हुआ मंथन

Kapilvastupost
सिद्धार्थ नगर / गोरखपुर। पूर्वांचल फिजियोथेरेपिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (PPWA) के तत्वावधान में 22 फरवरी को पूर्वोत्तर रेलवे के प्रेक्षागृह, गोरखपुर में ‘तृतीय राष्ट्रीय भौतिक चिकित्सा सम्मेलन’ (गोरखपुर फिजियोकॉन-3) का भव्य आयोजन किया गया। इस एक दिवसीय सम्मेलन में देश भर के वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट, शोधकर्ताओं और छात्रों ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर सिद्धार्थनगर के चिकित्सा जगत के लिए गौरवपूर्ण क्षण रहा, जब माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में कार्यरत और PPWA सिद्धार्थनगर ब्रांच के कन्वेनर डॉ. सुभाष यादव को ‘बेस्ट फिजियो इन ऑर्थो’ अवार्ड से सम्मानित किया गया।

उन्हें यह पुरस्कार ऑर्थोपेडिक फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और मरीजों की गतिशीलता सुधारने में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रदान किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि ने डॉ. यादव की सराहना करते हुए कहा, “डॉ. यादव ने चिकित्सा के साथ-साथ मानव सेवा को सर्वोपरि रखा है। उनकी निस्वार्थ सेवा और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति युवाओं के लिए प्रेरणा है।”

सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. सुभाष यादव ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं होते, बल्कि ये आधुनिक उपचार पद्धतियों, नई शोध और एडवांस थेरेपी तकनीकों को समझने का एक प्रभावी मंच हैं। उन्होंने जिले के सभी फिजियोथेरेपिस्टों से अपील की कि वे चिकित्सा के बदलते स्वरूप के साथ खुद को अपडेट रखें ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल सके।