शोहरतगढ़: 2.34 करोड़ की लागत से जगमगाएगा विधानसभा क्षेत्र, विधायक विनय वर्मा ने किया मिनी हाईमास्ट लाइट कार्य का शुभारंभ

बढ़नी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और व्यापारियों की सुरक्षा हेतु मिनी हाईमास्ट लाइटों की यह सौगात एक ऐतिहासिक कदम है। प्रखर प्रकाश से न केवल सड़कें जगमगाएंगी, बल्कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा भी सुदृढ़ होगी। विधायक विनय वर्मा जी का यह प्रयास क्षेत्र की प्रगति में मील का पत्थर साबित होगा।

संजय मित्तल, व्यापारी नेता (बढ़नी)

Kapilvastupost
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा और बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधायक विनय वर्मा ने बुधवार को एक बड़ी सौगात दी। विधायक निधि से क्षेत्र के विभिन्न विकास खंडों में मिनी हाईमास्ट लाइट लगाने के कार्य का विधिवत पूजन-अर्चन कर शुभारंभ किया गया। इस दौरान उन्होंने सामग्री से लदे वाहनों को हरी झंडी दिखाकर गंतव्य के लिए रवाना किया।

75 स्थानों पर लगेंगी लाइटें, 2.34 करोड़ का बजट
इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत कुल 2 करोड़ 34 लाख 75 हजार रुपये की लागत से विधानसभा क्षेत्र के छह विकास खंडों में 75 चिन्हित स्थानों पर मिनी हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जाएंगी। प्रत्येक लाइट की लागत लगभग 3.13 लाख रुपये है।
विकास खंडों का विवरण:
* शोहरतगढ़: 20 स्थान
* जोगिया: 12 स्थान
* बढ़नी: 30 स्थान
* इटवा: 10 स्थान
* नौगढ़: 02 स्थान
* बर्डपुर: 01 स्थान

जनता के पैसे का पारदर्शी उपयोग:
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विनय वर्मा ने कहा कि क्षेत्र में होने वाले सभी विकास कार्य जनता के पैसे से किए जाते हैं, इसलिए जनता को इसकी पूरी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “विधायक निधि का उपयोग जनता की मांग और प्राथमिकताओं के आधार पर सड़क, चौपाल और प्रकाश व्यवस्था जैसे जनहित कार्यों में किया जा रहा है।

इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर महापुरुषों की प्रतिमाएं (शहीद भगत सिंह, अटल बिहारी वाजपेयी, सोनेलाल पटेल और डॉ. भीमराव अंबेडकर) स्थापित करने की घोषणा भी की।
सुरक्षा और कानून व्यवस्था में मिलेगी मदद
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी ने कहा कि पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था से अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। वहीं उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्रा ने विश्वास जताया कि इस पहल से क्षेत्र में जागरूकता और कानून व्यवस्था और मजबूत होगी।