सिद्धार्थनगर में झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से गर्भस्थ शिशु की मौत, महिला की हालत गंभीर

लोटन चौराहे पर दर्जन भर भर फर्जी अल्ट्रा साउंड सेंटर और डायग्नोस्टिक सेंटर बिना मानक के धड़ल्ले से चल रहे हैं जिसको सघन अभियान चलाकर कार्यवाही करने की जरूरत है।

Kapilvastupost

लोटन/सिद्धार्थनगर।
जनपद के लोटन थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहाँ कथित रूप से एक अप्रशिक्षित (झोलाछाप) डॉक्टर की लापरवाही के कारण गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई, जबकि गर्भवती महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोटन थाना क्षेत्र के फूलवरिया निवासी ओम प्रकाश अपनी गर्भवती पत्नी सरिता को इलाज के लिए लोटन सीएचसी के पास स्थित एक निजी क्लिनिक पर लेकर गए थे। आरोप है कि क्लिनिक में मौजूद अनफिट डॉक्टर ने महिला को गलत इंजेक्शन लगा दिया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया।

महिला की हालत गंभीर होते देख परिजन उसे तत्काल लखनऊ के एक अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहाँ उसका इलाज जारी है। परिजनों का आरोप है कि गलत उपचार के चलते गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।

अवैध क्लिनिक पर पहले से थे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि लोटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से कुछ ही दूरी पर यह निजी क्लिनिक लंबे समय से अवैध रूप से संचालित हो रहा था, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर सवाल

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि स्वास्थ्य विभाग की जानकारी में होने के बावजूद ऐसे झोलाछाप डॉक्टरों पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई। यदि समय रहते प्रशासन सख्ती दिखाता, तो शायद एक मासूम की जान बचाई जा सकती थी।

परिजनों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

पीड़ित परिजनों ने मामले की शिकायत मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) से करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की ओर से किसी भी अधिकारी का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।