बांसी: थोक किराना व्यापारी की दुकान से 100 ग्राम सोना और एक किलो चांदी पार, व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम

Kapilvastupost
बांसी (सिद्धार्थनगर): बांसी कस्बे में सोमवार की रात चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक बड़े किराना व्यापारी की दुकान को अपना निशाना बनाया। चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर वहां रखे 100 ग्राम सोने के जेवरात, एक किलो चांदी, दो मोबाइल और सीसीटीवी का डीवीआर (DVR) पार कर दिया।

घटना के विरोध में आक्रोशित व्यापारियों ने मंगलवार को पूरा कस्बा बंद करा दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

एसडीएम आवास और सीओ कार्यालय के पास हुई वारदात
हैरानी की बात यह है कि चोरी की यह वारदात कस्बे के अति-सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में हुई। पीड़ित व्यापारी विष्णु जायसवाल उर्फ सोनू जायसवाल, जिनकी दुकान सीओ कार्यालय के सामने और एसडीएम आवास के ठीक पास स्थित है, मंगलवार सुबह जब अपनी दुकान पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। दुकान का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखा कीमती सामान गायब था। गनीमत रही कि दुकान में कैश नहीं था, जिससे बड़ी नकदी चोरी होने से बच गई।

व्यापारियों का हंगामा और 48 घंटे की चेतावनी
चोरी की खबर फैलते ही कस्बे के सैकड़ों व्यापारी मौके पर जमा हो गए। पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज व्यापारियों ने समूह बनाकर पूरे बांसी कस्बे की दुकानें बंद करा दीं। लगभग दो घंटे तक बाजार पूरी तरह ठप रहा। इसके बाद व्यापारियों ने कोतवाली पहुंचकर करीब आधे घंटे तक धरना दिया। व्यापारियों का कहना है कि अगर 48 घंटे के भीतर चोरों की गिरफ्तारी और सामान की बरामदगी नहीं हुई, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद और सीओ बांसी रोहणी यादव ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। कोतवाली प्रभारी मृत्युंजय पाठक ने व्यापारियों को समझा-बुझाकर धरना समाप्त करवाया। पुलिस का कहना है कि चोरों को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।