📅 Published on: February 26, 2026
kapilvastupost
बढ़नी (सिद्धार्थनगर)।
सीमावर्ती कस्बे बढ़नी और नेपाल के कृष्णनगर में आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। श्रीश्याम भक्त मंडल बढ़नी-कृष्णनगर द्वारा खाटू नरेश श्रीश्याम प्रभु का 32वां विशाल सतरंगी फाल्गुनोत्सव आगामी 27 फरवरी, शुक्रवार से अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। दो दिवसीय इस महोत्सव को लेकर मारवाड़ी सेवा समिति एवं मारवाड़ी युवा मंच के कार्यकर्ता तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
निशान यात्रा से होगा महोत्सव का आगाज
मारवाड़ी सेवा समिति के पदाधिकारी मनोज कानोड़िया और गोकुल गोयल ने बताया कि महोत्सव के प्रथम दिन, 27 फरवरी को प्रातः 9 बजे श्रीराणी सती दादी मंदिर (बढ़नी) से भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। रंगों और कर्णप्रिय भजनों से सराबोर यह यात्रा बढ़नी के विभिन्न मार्गों से होते हुए सीमा पार नेपाल के कृष्णनगर कस्बे में भ्रमण करेगी और अंततः श्रीलक्ष्मी नारायण मंदिर (श्याम दरबार) पहुँचकर संपन्न होगी। इस यात्रा में पड़ोसी जिले बलरामपुर के पचपेड़वा से भी बड़ी संख्या में पैदल श्याम भक्त शामिल होंगे।
भजनों की अमृत वर्षा और अलौकिक श्रृंगार
आयोजन समिति के विक्रम सिंघल और पुजारी पं. विजय पाठक के अनुसार, 27 फरवरी की शाम 7 बजे बाबा के अलौकिक दरबार में अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी। भगवान को छप्पन भोग लगाया जाएगा, जिसके बाद सांस्कृतिक संध्या का आरंभ होगा।
मुख्य गायक: कानपुर के प्रसिद्ध भजन गायक शिवम वर्मा और दिल्ली की ख्यातिलब्ध गायिका प्रेरणा मित्तल देर रात तक भजनों की वर्षा करेंगे।
* विशेष आकर्षण: दिल्ली के बंटी सोनिया ग्रुप द्वारा मनमोहक नृत्य नाटिकाओं की प्रस्तुति दी जाएगी।
द्वादशी धोक और विशाल भंडारा
महोत्सव के दूसरे दिन, 28 फरवरी को प्रातः 8 बजे से ‘द्वादशी धोक’ का कार्यक्रम होगा। शाम 6:30 बजे से विशाल सवामनी प्रसाद (भंडारे) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है।
तैयारियों में जुटे सेवादार
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए हिमांशु कंछल, गुलाब अग्रवाल, बालकृष्ण सिंघल, अरविंद कंछल, माधव सिंघल, वत्सल गोयल, राघव मित्तल, शुभम तुलस्यान, पंकज बाजोरिया, नैतिक खेतान, शिवम बिरमीवाल और रोहित बंसल सहित पूरी टीम दिन-रात मेहनत कर रही है। उत्सव की शुरुआत एक सप्ताह पूर्व कलश स्थापना और सामूहिक श्रीश्याम पाठ के साथ होगी, जो दशमी तिथि तक अनवरत चलेगा।