सिद्धार्थनगर: यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, DM और SP ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को दिए कड़े निर्देश

kapilvastupost

सिद्धार्थनगर, 12 मार्च 2026: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उ0नि0 (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। गुरुवार को लोहिया कला भवन में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने संयुक्त रूप से ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ब्रीफिंग की।

सघन तलाशी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश से पूर्व उनकी सघन तलाशी (Frisking) सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, मोबाइल फोन या अन्य प्रतिबंधित सामग्री को केंद्र के भीतर ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा। उन्होंने सभी कर्मियों को निर्धारित समय से पूर्व अपने केंद्रों पर उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए।

नकल माफियाओं पर रहेगी पैनी नजर

पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दी जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि संदिग्ध गतिविधियों या नकल कराने वाले गिरोहों पर पैनी नजर रखी जाए। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

कंट्रोल रूम से होगी पल-पल की निगरानी

परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों को निरंतर संपर्क में रहने और पल-पल की रिपोर्ट जिला कंट्रोल रूम को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। शासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है|