सिद्धार्थनगर: अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापेमारी, मशीन सील और एफआईआर के निर्देश

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जनपद के मिठवल ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत तिलौली बाजार में बिना पंजीकरण के अवैध रूप से संचालित ‘जनता अल्ट्रासाउंड सेंटर एंड पैथोलॉजी’ पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मौके से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन बरामद की गई, जिसे तत्काल सील कर दिया गया है।
मुख्य शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसी टीम
पीसीपीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. मानवेंद्र पाल के नेतृत्व में पहुंची टीम को शुरुआत में विरोध का सामना करना पड़ा। टीम के पहुंचते ही सेंटर का मुख्य शटर बंद कर दिया गया था। प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए बगल के रास्ते से प्रवेश किया और मुख्य शटर का ताला तोड़कर जांच शुरू की। अंदर पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन और प्रिंटर पाया गया, जिसके संचालन के लिए संचालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
जांच टीम ने बरामद मशीन और प्रिंटर को जब्त कर डिड़ई थाने में सुरक्षित रखवा दिया है। नोडल अधिकारी ने अवैध संचालन के आरोप में संचालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के कड़े निर्देश दिए हैं। इस छापेमारी टीम में नायब तहसीलदार सीपी श्रीवास्तव, सीएचसी अधीक्षक डॉ. धर्मेंद्र चौधरी और पटल सहायक रोहित वर्मा शामिल रहे।

“तिलौली चौराहे पर बिना पंजीकरण अवैध ढंग से अल्ट्रासाउंड किया जा रहा था। छापेमारी में इसकी पुष्टि होने पर मशीन को सील कर दिया गया है और संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। डॉ. मानवेंद्र पाल, नोडल अधिकारी (पीसीपीएनडीटी)