सिद्धार्थनगर: संदिग्ध परिस्थितियों में युवती ने लगाई फांसी, परिवार में मचा कोहराम
📅 Published on: March 24, 2026
Kapilvastupost
लोटन (सिद्धार्थनगर): लोटन कोतवाली क्षेत्र के करुवावल गांव स्थित थड़वरिया टोला में रविवार रात एक 18 वर्षीय युवती का शव घर के भीतर फंदे से लटकता मिला। घटना के बाद से गांव में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
टीन शेड में दुपट्टे के सहारे झूलती मिली लाश
जानकारी के मुताबिक, करुवावल गांव के थड़वरिया टोला निवासी अनिरुद्ध की पुत्री सीतू (18) का शव रविवार रात करीब 10:30 बजे उनके टीन शेड वाले मकान में लोहे की रॉड से दुपट्टे के फंदे के सहारे लटकता पाया गया। घटना का पता तब चला जब बड़ी बहन नीतू किसी काम से उस तरफ गई। बहन को फंदे पर लटका देख उसने शोर मचाया, जिसे सुनकर मां और अन्य ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
परिजनों ने जीवित होने की उम्मीद में नीचे उतारा
परिजनों और ग्रामीणों ने सीतू के जीवित होने की आस में तुरंत उसे फंदे से नीचे उतारा और तख्त पर लिटाया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। बताया जा रहा है कि मृतका के पिता दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं और एक सप्ताह पहले ही घर आए थे। घटना के समय वह किसी काम से बस्ती गए हुए थे। सोमवार को सूचना मिलने पर वह घर लौटे और सीधे थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही लोटन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। प्राथमिक पूछताछ में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। मामले की जांच जारी है। डीके सरोज, प्रभारी निरीक्षक, लोटन कोतवाली
Ai images


