📅 Published on: March 25, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: इटवा थाना क्षेत्र के इटवा-बांसी मार्ग पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गनवरिया पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक 17 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
आमने-सामने की टक्कर में गई जान
जानकारी के अनुसार, बरगदवा गांव निवासी अरविंद यादव (17) पुत्र करमराज सोमवार रात किसी जरूरी काम से इटवा की ओर आ रहा था। जैसे ही वह गनवरिया पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, सामने से आ रहे एक अज्ञात बाइक सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही इटवा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) इटवा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने अरविंद यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे उसके साथी की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिसिया कार्रवाई और परिजनों का हाल
हादसे की खबर मिलते ही अरविंद के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इटवा पुलिस के अनुसार मृतक के चाचा की तहरीर के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।