📅 Published on: March 25, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थ नगर
बखिरा और मेंहदावल क्षेत्र से नेपाल घूमने गए सात दोस्तों की टोली रविवार को एक बड़े हादसे का शिकार हो गई। बुटवल स्थित तिनाउ नदी के तेज बहाव में नहाते समय दो युवक गहरे पानी में समा गए। सोमवार को पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर लिए हैं, जिसके बाद से दोनों परिवारों और क्षेत्रों में मातम पसरा हुआ है।
तेज बहाव में बह गए अमन और फरहान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेंहदावल निवासी अमन अंसारी और बखिरा के नाऊ टोला निवासी फरहान सलमानी अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ रविवार को नेपाल घूमने निकले थे। भ्रमण के बाद सभी दोस्त बुटवल की तिनाउ नदी में नहाने लगे। इसी दौरान झरने के पास पानी का बहाव तेज होने के कारण अमन और फरहान नियंत्रण खो बैठे और लापता हो गए।
सोमवार को मिले शव, परिजनों में मचा कोहराम
हादसे के तुरंत बाद नेपाल पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सोमवार को दोनों युवकों के शव नदी से बरामद किए गए। जैसे ही मौत की खबर उनके पैतृक निवास मेंहदावल और बखिरा पहुँची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और नदी के खतरनाक बहाव में उतरना इन युवाओं के लिए जानलेवा साबित हुआ। वर्तमान में परिजन नेपाल पहुंच चुके हैं और शवों को घर लाने की प्रक्रिया जारी है।