सिद्धार्थनगर: ढेबरुआ-शोहरतगढ़ मार्ग पर स्वर्ण व्यवसायी से लूट, 140 ग्राम सोना और नकदी लेकर बदमाश फरार

गुरु जी की कलम से
ढेबरुआ/शोहरतगढ़।
जनपद के ढेबरुआ-शोहरतगढ़ मार्ग पर मंगलवार की शाम बेखौफ बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। खैरहनिया और पचऊध गांव के बीच बाइक सवार दो युवकों ने इटवा निवासी एक स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाते हुए भारी मात्रा में सोने के जेवरात और नकदी लूट ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
नहर की पुलिया के पास दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के मुताबिक, इटवा निवासी स्वर्ण व्यवसायी गुड्डू वर्मा मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे अपनी दुकान बंद कर बाइक से शोहरतगढ़ जा रहे थे। रात लगभग 7:00 बजे जैसे ही वह खैरहनिया-पचऊध गांव के बीच नहर की पुलिया के पास पहुंचे, पीछे से आए एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें जोरदार धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया।
सोना, चांदी और नकदी लूटकर हुए चंपत
व्यवसायी के गिरते ही बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और उनके पास मौजूद 140 ग्राम सोना, गले की चांदी की चेन, अंगूठी और दो हजार रुपये नकद लूट लिए। इतना ही नहीं, बदमाश व्यवसायी की बाइक की चाबी भी अपने साथ ले गए ताकि वह उनका पीछा न कर सकें। घटना के बाद पीड़ित किसी तरह पचऊध चौराहे पर पहुंचे और स्थानीय लोगों को आपबीती सुनाई।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही डायल 112 और ढेबरुआ एसएचओ दुर्गा प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित व्यवसायी से घटना की विस्तृत जानकारी ली। हालांकि, पुलिस का कहना है कि व्यवसायी को रात में ही तहरीर (शिकायत) देने के लिए कहा गया था, लेकिन वह बिना तहरीर दिए ही चले गए।
इस संबंध में पुलिस ने बताया घटना की जानकारी मिली है और पुलिस सक्रियता से जांच कर रही है। फिलहाल पीड़ित की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। दुर्गा प्रसाद, एसएचओ ढेबरुआ