📅 Published on: April 5, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जनपद के पथरा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत टेढिया बाजार में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। तेज रफ्तार ट्राला और बाइक के बीच हुई सीधी भिड़ंत में बाइक सवार दोनों युवकों की जान चली गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतकों के गांव और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
नहर पुलिया के पास काल बनकर आया ट्राला
जानकारी के अनुसार, बांसी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फुलवापुर निवासी दिनेश (28) पुत्र बाढू और सतीश (24) पुत्र खेदन शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे बाइक से पथरा बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक टेढिया नहर पुलिया पार कर आगे बढ़ी, विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्राला ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
दुर्घटना में दिनेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सतीश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पथरा बाजार पुलिस ने घायल सतीश को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल रवाना किया, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
गाँव में पसरा मातम, पुलिस ने कब्जे में लिया वाहन
हादसे की खबर जैसे ही फुलवापुर गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर जमा भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने स्थिति संभाली और दुर्घटना करने वाले ट्राला को कब्जे में ले लिया।
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। ट्राला पुलिस की हिरासत में है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।