📅 Published on: April 13, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश:विश्व होम्योपैथी दिवस के अवसर पर डॉ. भास्कर शर्मा होम्योपैथिक चिकित्सालय एवं रिसर्च सेंटर, इटवा बाजार में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पूर्वांचल के प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. भास्कर शर्मा ने होम्योपैथी के जनक डॉ. सैमुअल हैनीमैन की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर और माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. भास्कर शर्मा ने कहा कि डॉ. हैनीमैन का नाम चिकित्सा के इतिहास में सदैव स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज रहेगा। उन्होंने बताया कि वर्षों के कठिन परिश्रम और निरंतर शोध के बाद डॉ. हैनीमैन ने ‘समानता के सिद्धांत’ पर आधारित इस चिकित्सा पद्धति का आविष्कार किया, जो आज विश्व के लिए एक वरदान साबित हो रही है। इस पद्धति के माध्यम से असाध्य रोगों का इलाज भी सरलता और सहजता से संभव है।
डॉ. शर्मा ने इस अवसर पर डॉ. हैनीमैन के दिखाए गए सेवा भाव के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया और कहा कि वे जन-स्वास्थ्य की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. दिनेश मौर्या, मनोज शर्मा (मुगलसराय), डॉ. अमित जायसवाल और डॉ. राजकुमार शर्मा सहित अन्य चिकित्सकों ने भी डॉ. हैनीमैन को नमन किया।