वीर परिवार सहायता योजना 2025 पर विधिक जागरूकता शिविर सम्पन्न

देवेन्द्र श्रीवास्तव

उसका बाजार सिद्धार्थनगर।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,सिद्धार्थनगर के तत्वाधान में बुधवार को नौगढ़ तहसील स्थित सभागार कक्ष में वीर परिवार सहायता योजना 2025 के बावत विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन कर नालसा (NLSA) की योजनाओ के बारे में लोगों को जानकारी मुहैया कराई गयी।तहसीलदार देवेन्द्र मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित उक्त कार्यक्रम में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सेवारत और सेवा निवृत्त सैनिकों, अर्द्ध सैनिक बलों यथा बीएसएफ , सीआरपीएफ, आईटीबीपी के जवानों को मिलने वाली मुफ्त कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी गयी।

इस जागरूकता शिविर में देश के सैनिक जवानों के परिवारों को जमीन, परिवारिक या अन्य कानूनी विवादों में प्राधिकरण के जरिए दी जाने वाली सुविधा/सहायता के बारे में जानकारी देते हुए पराविधिक स्वयं सेवक देवेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि इस योजना का मूल उद्देश्य जवानों और उनके परिवारों को कानूनी मामलों में कचहरी के चक्कर काटने से राहत देना और मुफ़्त में वकील की सुविधा देना है।

लाभार्थी सेवारत जवान, पूर्व सैनिक और उनके परिवार (आश्रित) हो सकते हैं।इन्हें जमीन, जायदाद और पारिवारिक विवादों के लिए कानूनी सलाह, ऑनलाइन केस फाइलिंग और वीडियो कंसल्टेशन की सुविधा जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कानूनी सहायता क्लीनिक के माध्यम से मिलती है।

कार्यक्रम को इसी कड़ी में पीएलवी राजकुमार,सिद्धार्थ गौतम ने संबोधित करते हुए कहा कि रक्षा कर्मियों,सैनिकों और उनके परिवारो को नालसा के लीगल एड क्लिनिकों के द्वारा कानूनी सहायता मिलती है और प्राथमिकता के आधार पर उनकी समस्याओं का निस्तारण भी कराया जाता है। जिससे कि इन जवानों को बार बार अवकाश लेकर कोर्ट कचहरी न आना पड़े।

उन्होंने बताया कि इस इसकी शुरुआत जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आयोजित ‘उत्तर क्षेत्रीय सम्मेलन’ से हुई और सैनिक जवानों के विभिन्न प्रकार के विवादों का त्वरित समाधान हेतु यह एक महत्वर्ण कदम है। इस मौके पर राजस्व निरीक्षक राजेश गुप्ता, शीतल द्विवेदी,यशोदानंद मिश्र ,पीएलवी राज कुमार ,देवेन्द्र कुमार,सिद्धार्थ कुमार गौतम,बैजनाथ,शिवशंकर,शैलेश कुमार , शिव कुमार सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।