अवैध संबंधों में खौफनाक वारदात: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को चारपाई से बांधा, फिर मिट्टी का तेल डालकर फूंक डाला

Kapilvastupost
*डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)।* सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र के रेहरा गांव में गुरुवार की रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक महिला ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची। दोनों ने सोते समय पति को चारपाई से बांध दिया और फिर उस पर मिट्टी का तेल (केरोसिन) छिड़ककर जिंदा जलाने का प्रयास किया।
पीड़ित को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहाँ उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया है।
पड़ोसी ने धुआं उठते देख दी जानकारी, फाटक तोड़कर घुसे लोग
पीड़ित लालजी गौतम के पिता घम्मल प्रसाद गौतम को कम सुनाई देता है। घटना के वक्त वह घर के बाहर सोए हुए थे, जिससे उन्हें अंदर हो रही चीख-पुकार का अंदाजा नहीं हो सका। इसी बीच एक पड़ोसी महिला ने लालजी के घर से संदिग्ध रूप से धुआं उठते देखा।
महिला ने तुरंत पिता को इसकी सूचना दी, जिसके बाद गांव के अन्य लोग भी मौके पर जुट गए। जब ग्रामीणों ने घर का फाटक तोड़कर अंदर प्रवेश किया, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। लालजी आग की लपटों से घिरा तड़प रहा था। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई और तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
आर्थिक तंगी के कारण तड़पते मरीज को घर ले आए परिजन
लालजी को आनन-फानन में बेंवा सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बस्ती के कैली मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, युवक की हालत बेहद नाजुक है। वहीं, बताया जा रहा है कि अत्यधिक आर्थिक तंगी के कारण बेबस परिजन उसे वापस घर ले आए हैं, जिससे उसकी जान पर खतरा और बढ़ गया है।
गोरखपुर का रहने वाला है आरोपी प्रेमी
मृतक के पिता घम्मल प्रसाद ने डुमरियागंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी बहू पूजा गौतम का गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र (ग्राम बगही बारी) निवासी फिरोज पुत्र मुख्तार के साथ प्रेम संबंध था। फिरोज का अक्सर उनके घर आना-जाना था।
गुरुवार को भी फिरोज रेहरा आया हुआ था। रात करीब 10 बजे पूजा और फिरोज ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) बृजेश कुमार वर्मा और थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित के पिता और पड़ोसियों के बयान दर्ज किए हैं। शुक्रवार को फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
“मामले में पीड़ित के पिता की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी महिला और युवक दोनों को हिरासत में लेकर गहन जांच-पड़ताल की जा रही है।” — *बृजेश वर्मा, सीओ, डुमरियागंज*