📅 Published on: May 25, 2026
Kapilvastupost
*सिद्धार्थनगर।* “जहां उम्मीद खत्म होती है, वहां से खाकी की जिम्मेदारी शुरू होती है”— इस कथन को सिद्धार्थनगर जिले की उसका बाजार पुलिस ने एक बार फिर सच साबित कर दिखाया है। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रोमनदेई से बीते 20 मई से लापता 12 वर्षीय मासूम बालिका आसमा को उसका बाजार थाना पुलिस ने अथक प्रयासों के बाद सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मासूम को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।
क्या था पूरा मामला?
ग्राम रोमनदेई (पोस्ट- चम्पापुर, थाना शोहरतगढ़) निवासी अबू तालिब की 12 वर्षीय बेटी आसमा बीते 20 मई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, सोशल मीडिया पर मदद की गुहार लगाई, लेकिन बालिका का कहीं पता नहीं चला। मासूम बच्ची के गायब होने से पूरा परिवार गहरे सदमे और चिंता में था।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी के नेतृत्व में मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए उसका बाजार थाना के प्रभारी निरीक्षक **संतोष कुमार तिवारी** ने त्वरित एक्शन लिया। उन्होंने मामले की कमान संभालते हुए अपनी टीम को सक्रिय किया और संवेदनशीलता के साथ बच्ची की तलाश में झोंक दिया। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी की कुशल रणनीति, सटीक मुखबिरी और तकनीकी इनपुट के चलते पुलिस टीम ने बेहद कम समय में लापता आसमा को सकुशल ढूंढ निकाला।
क्षेत्र में हो रही है पुलिसिया कार्यशैली की सराहना
मासूम बेटी को सुरक्षित पाकर माता-पिता और परिजनों ने उसका बाजार पुलिस का बार-बार आभार व्यक्त किया। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी के इस मानवीय और संवेदनशील प्रयास की पूरे शोहरतगढ़ और उसका बाजार क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि संतोष कुमार तिवारी के कुशल नेतृत्व में पुलिस ने न सिर्फ एक परिवार की खुशियां लौटाई हैं, बल्कि आम जनता के बीच खाकी का भरोसा और मजबूत किया है।