📅 Published on: June 25, 2026
Kapilvastupost
*सिद्धार्थनगर।* मोहाना थाना क्षेत्र के नगर पंचायत कपिलवस्तु स्थित सहजनवा मोहल्ले में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। यहाँ घर में लगे नल के पास मोटर चालू करते समय करंट की चपेट में आने से 40 वर्षीय रवींद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
**अस्पताल पहुँचने से पहले ही तोड़ा दम**
जानकारी के मुताबिक, रवींद्र कुमार मंगलवार को अपने घर में लगे नल के पास पानी के लिए मोटर चलाने गए थे। जैसे ही उन्होंने मोटर को छुआ, उसमें उतर रहे तेज करंट ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। करंट का झटका इतना जोरदार था कि वह वहीं अचेत होकर गिर पड़े। परिजनों ने जब उन्हें बेसुध देखा, तो आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बर्डपुर लेकर भागे। हालांकि, वहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
**परिवार के इकलौते कमाने वाले थे रवींद्र**
रवींद्र पेशे से मजदूर थे और मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। वह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनकी अचानक हुई इस मौत से पत्नी, बेटे और बेटी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है।
**पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा**
हादसे की सूचना मिलते ही शुद्धोधन चौकी पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।