विकसित ग्राम पंचायत से विकसित भारत की ओर: मोहनकोला में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ’ के तहत लगाए गए सैकड़ों पौधे
📅 Published on: July 15, 2026
निजाम अंसारी
सिद्धार्थनगर। “विकसित ग्राम पंचायत से विकसित भारत की ओर” कदम बढ़ाते हुए जनपद सिद्धार्थनगर के विकास खंड बढ़नी के अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहनकोला में ‘जी राम जी वृक्षारोपण महायज्ञ 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। दिनांक 12 जुलाई 2026, दिन रविवार को चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत गांव के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सैकड़ों की संख्या में पौधे रोपे गए।
इस वृहद पर्यावरण अभियान की मुख्य अतिथि **श्रीमती मीनाक्षी चौधरी जी** (ब्लॉक प्रमुख, बढ़नी) रहीं। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक अध्यक्ष के प्रतिनिधि सिद्धार्थ चौधरी और ग्राम प्रधान अताउल्लाह मदनी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

पर्यावरण संरक्षण ही विकसित भारत का आधार: सिद्धार्थ चौधरी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सिद्धार्थ चौधरी ने पौधारोपण करने के बाद ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा —”एक विकसित भारत का सपना तभी सच हो सकता है जब हमारी ग्राम पंचायतें पर्यावरण और विकास के हर मोर्चे पर समृद्ध होंगी। यह वृक्षारोपण महायज्ञ केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का संकल्प है। मैं मोहनकोला के सभी नागरिकों और ग्राम प्रधान अताउल्लाह मदनी जी को बधाई देती हूँ जिन्होंने इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया।”
हर नागरिक पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी ले: अनिशि मणि पाण्डेय (BDO)
इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी *अनिशि मणि पाण्डेय* ने विभागीय व प्रशासनिक स्तर पर बात रखते हुए कहा —”शासन के निर्देशानुसार ग्राम पंचायतों को हरा-भरा और आदर्श बनाने के लिए यह अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। विकास खंड बढ़नी की टीम हर ग्राम पंचायत में पौधों की उपलब्धता और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करा रही है। ग्रामीणों से अपील है कि वे इन पौधों को सिर्फ लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनकी नियमित सिंचाई और ट्री-गार्ड आदि की व्यवस्था कर उनका संरक्षण करें ताकि हमारा यह प्रयास धरातल पर सफल दिखे।”
सामूहिक प्रयास से ही बचेगा पर्यावरण: मोहम्मद अशरफ
“धरती को हरा-भरा बनाना हम सभी का परम कर्तव्य है। मोहनकोला के ग्रामीणों ने जिस उत्साह के साथ इस अभियान में हिस्सा लिया है, वह सराहनीय है। हमें इन पौधों को सिर्फ लगाना नहीं है, बल्कि इनकी सुरक्षा और नियमित सिंचाई की जिम्मेदारी भी उठानी होगी, ताकि ये पेड़ बनकर इस क्षेत्र को शुद्ध हवा दे सकें।”
यह पौधे हमारी आने वाली पीढ़ी की अमानत हैं: अशरफ प्रधान प्रतिनिधि
ग्राम प्रधान परिवार के सदस्य अशरफ ने इस अभियान पर खुशी जताते हुए कहा —”हमारे गांव मोहनकोला में आज का दिन बेहद खास रहा। ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी जी, बीडीओ साहब, सिद्धार्थ चौधरी जी और हमारे प्रधान जी के नेतृत्व में हम सबने मिलकर सैकड़ों पौधे लगाए हैं। आज के समय में जब गर्मी और प्रदूषण बढ़ रहा है, ये पेड़ ही हमारे लिए जीवनदायी साबित होंगे। हम सभी ग्रामीण इन पौधों की पूरी देखभाल करने का संकल्प लेते हैं।”



