📅 Published on: July 25, 2026
गुरु जी की कलम से
**सिद्धार्थनगर।**
युवाओं के हितों की रक्षा, भर्ती परीक्षाओं में व्यापक सुधार और छात्र आंदोलनों के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत जिलाध्यक्ष राजेन्द्र भारती के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए **शोहरतगढ़ विधानसभा प्रभारी नौशाद आलम** ने परीक्षा प्रणाली और सरकार के रवैये पर तीखा हमला बोला।
### “2 मिनट की देरी पर बाहर, लेकिन पेपर लीक पर खामोशी क्यों?”: नौशाद आलम
शोहरतगढ़ विधानसभा प्रभारी नौशाद आलम ने अपने कड़े रुख के साथ व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा “NEET जैसी देश की सबसे बड़ी परीक्षा में नियम-कानून का ऐसा ढोंग रचा जाता है कि अगर कोई छात्र कड़ी धूप और दूर-दराज से सफर करके परीक्षा केंद्र पर 2 मिनट भी लेट पहुंच जाए, तो उसे अंदर नहीं घुसने दिया जाता। सुरक्षा जांच के नाम पर छात्रों को प्रताड़ित किया जाता है और ज़रा सी देरी पर उनका पूरा एक साल बर्बाद कर दिया जाता है। लेकिन अफ़सोस की बात है कि जिन केंद्रों पर 2 मिनट की ढील नहीं मिलती, वहीं से पूरा का पूरा पेपर लीक होकर बाज़ार में बिक जाता है! महीने-साल भर की मेहनत, माता-पिता की गाढ़ी कमाई और नौजवानों के सुनहरे भविष्य पर एक झटके में पानी फेर दिया जाता है। यह धांधली नहीं, बल्कि देश के करोड़ों होनहार युवाओं के सपनों का कत्ल है जिसे आजाद समाज पार्टी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।”
राष्ट्रपति से की गईं प्रमुख मांगें:
1. **शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग:** केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए तत्काल इस्तीफा दें।
2. **आर्थिक सहायता:** NEET पेपर लीक से संबंधित परिस्थितियों में जान गंवाने वाले प्रत्येक छात्र के परिवार को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
3. **संसद में चर्चा:** संसद में पेपर लीक तथा छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर विस्तृत चर्चा कराई जाए।
4. **दंडात्मक कार्रवाई पर रोक:** आंदोलन में शामिल छात्रों के विरुद्ध दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं और किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई न हो।
5. **कठोर कार्रवाई:** शिक्षा माफिया एवं पेपर लीक गिरोहों के विरुद्ध कठोर और समयबद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
6. **जौहर यूनिवर्सिटी का मुद्दा:** जौहर यूनिवर्सिटी, रामपुर पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई तत्काल रोकी जाए ताकि हजारों विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित रहे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष राजेन्द्र भारती, शोहरतगढ़ विधानसभा प्रभारी नौशाद आलम सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।