📅 Published on: August 21, 2026
निजाम अंसारी
सिद्धार्थनगर। नौगढ़-बांसी मार्ग पर शुक्रवार को सड़क किनारे एक अज्ञात महिला अचेत अवस्था में पड़ी मिली। महिला को इस हालत में देखकर मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के नेता कमाल खान तत्काल मौके पर पहुंचे और 112 नंबर डायल कर पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही 112 नंबर की पुलिस टीम भी स्थल पर पहुंच गई। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत चिकित्सीय सहायता की आवश्यकता थी, लेकिन किसी कारणवश मौके पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। स्थिति की संवेदनशीलता और समय के महत्व को समझते हुए कमाल खान ने बिना किसी देरी के अपने निजी खर्चे पर एक ऑटो की व्यवस्था की और पुलिस की देखरेख में महिला को जिला अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने महिला का इलाज शुरू कर दिया है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस प्रशासन महिला की शिनाख्त कराने और उसके परिजनों का पता लगाने के प्रयास में जुटा हुआ है।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने कमाल खान की इस तत्परता और मानवीय पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। लोगों का कहना था कि एंबुलेंस का इंतजार किए बिना समय पर निजी साधन उपलब्ध कराकर उन्होंने महिला की जान बचाने में एक सराहनीय योगदान दिया है।