📅 Published on: August 24, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर (उत्तर प्रदेश): खुनियांव ब्लॉक क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लटेरा में रविवार को अस्पताल की लचर व्यवस्थाओं और धांधली के आरोपों को लेकर क्षेत्रीय जनता का गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्र भ्रमण पर निकले पूर्व विधायक राघवेंद्र सिंह को जब ग्रामीणों ने अस्पताल की बदहाली की सूचना दी, तो वे तुरंत सीएचसी लटेरा पहुंचे। उनके पहुंचते ही अस्पताल परिसर में सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
अस्पताल से मशीनें गायब होने का आरोप, जांच की मांग
अस्पताल पहुंचे पूर्व विधायक के सामने ग्रामीणों और मरीजों के परिजनों ने शिकायतों की झड़ी लगा दी। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में मरीजों के इलाज और जांच के लिए आई कुछ महत्वपूर्ण मशीनें गायब कर दी गई हैं। ग्रामीणों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रिय स्टाफ नर्स अर्चना भारती के तबादले पर फूटा गुस्सा
अस्पताल की व्यवस्थाओं के अलावा ग्रामीणों ने स्टाफ नर्स अर्चना भारती के अचानक हुए स्थानांतरण पर भी गहरा आक्रोश व्यक्त किया। स्थानीय महिलाओं और पुरुषों का कहना था कि अर्चना भारती हमेशा मरीजों की सेवा के लिए तत्पर रहती थीं। उनके तबादले से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित होंगी।
पूर्व विधायक ने डीएम और अधिकारियों से की बात
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व विधायक डुमरियागंज ने मौके से ही जिलाधिकारी (डीएम) और स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से वीडियो कॉल व दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल से मशीनें गायब होने की शिकायत से अवगत कराया और तत्काल जांच के आदेश देने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने जनहित को देखते हुए स्टाफ नर्स अर्चना भारती के तबादले के फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा। पूर्व विधायक ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।