📅 Published on: August 25, 2026
गुरु जी की कलम से
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर): पत्रकारिता की आड़ में अवैध धन वसूली और उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। विज्ञापन के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग और स्कूल बंद कराने की धमकी से आहत एक स्कूल प्रबंधक की दिमागी नस फटने (ब्रेन हेमरेज) से मौत हो गई। घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
धमकी से बिगड़ी मानसिक स्थिति विधानसभा क्षेत्र के सियाव नानकार निवासी राधेश्याम चौधरी ने थाना शोहरतगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, उनके भाई विनोद चौधरी ब गहवा चौराहे पर ‘सरदार पटेल विद्या मंदिर’ का संचालन करते थे। आरोप है कि बीते 15 अगस्त को एक दैनिक अखबार के पत्रकार शिवपूजन वर्मा ने स्कूल पहुँचकर विज्ञापन के नाम पर 50 हजार रुपये की माँग की। उसी दिन शाम को फोन कर रुपये न देने पर विद्यालय बंद करवाने की धमकी दी गई।
इलाज के दौरान तोड़ा दम अचानक मिले मानसिक दबाव और तनाव के कारण प्रबंधक विनोद चौधरी की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल शोहरतगढ़ के स्थानीय डॉक्टर और फिर जिला अस्पताल ले गए। स्थिति में सुधार न होने पर उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल, लखनऊ रेफर किया गया, जहाँ 21 अगस्त की रात लगभग 12 बजे इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक तनाव की वजह से उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था।
प्रशासनिक संरक्षण और उगाही का आरोप मृतक के भाई राधेश्याम चौधरी ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पत्रकार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में रसूखदारों और अधिकारियों की शह पर फर्जी पत्रकारिता और उगाही का धंधा जोरों पर है। त्योहारों और विशेष अवसरों पर अवैध वसूली की प्रथा से आम लोग और संस्थान त्रस्त हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।