पुणे में दर्दनाक हादसा: आर्थिक तंगी बनी रोड़ा, सिद्धार्थनगर के युवक का घर नहीं पहुंच सका शव; पुणे में ही हुआ अंतिम संस्कार

निजाम अंसारी

​महाराष्ट्र के पुणे में हुए एक भीषण हादसे ने सिद्धार्थनगर जिले के देईपार गांव में मातम फैला दिया है। रोजी-रोटी कमाने पुणे गए 30 वर्षीय विजय यादव की छत से फिसलकर गिरने से मौत हो गई। विडंबना और तंगी का आलम यह रहा कि आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण परिवार विजय के पार्थिव शरीर को अपने गांव तक नहीं ला सका। रिश्तेदारों ने पुणे में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया, जिससे पत्नी और मासूम बच्चे उनके अंतिम दर्शन भी नहीं कर पाए।

चाय पीने छत पर गए थे विजय

देईपार गांव निवासी विजय यादव परिवार का पेट पालने और आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए पुणे में पिकअप चलाते थे। वह अपने दोस्तों के साथ किराए के कमरे की ऊपरी मंजिल पर रहते थे। रविवार सुबह वह चाय पीने के लिए छत पर गए थे, जहां अचानक पैर फिसलने से वह नीचे गिर पड़े। हादसे में गंभीर रूप से घायल विजय को साथी तुरंत निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

विजय की शादी करीब छह साल पहले हुई थी। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक पांच साल का बेटा और तीन व एक साल की दो बेटियां हैं। परिवार की आय का वह इकलौते सहारा थे। विजय की असमय मौत से घर का चिराग बुझ गया है और मासूमों के सिर से पिता का साया उठ गया है। शव गांव न पहुंच पाने के कारण पत्नी और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।