📅 Published on: August 30, 2026
निजाम अंसारी
सिद्धार्थनगर। रक्षाबंधन का त्योहार सिद्धार्थनगर जिले के एक परिवार के लिए जिंदगी भर का गम दे गया। नगर पंचायत इटवा के रहने वाले 34 वर्षीय प्रभात सोनी की नेपाल में नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आए प्रभात मिली जानकारी के मुताबिक, इटवा निवासी प्रभात सोनी रक्षाबंधन पर्व के मौके पर अपनी माँ, छोटे भाई शिवा और अन्य परिजनों के साथ नेपाल घूमने गए थे। नेपाल के बुटवल में घूमते समय वे नदी किनारे एक पत्थर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान नदी में अचानक पानी की एक तेज धारा आई और प्रभात को संभाल पाने का मौका दिए बिना बहाकर ले गई। बहाव के दौरान सिर में पत्थर से गंभीर चोट लगने के कारण वे गहरे पानी में समा गए।
दोपहर में बरामद हुआ शव, परिवार नेपाल रवाना घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू की गई। दोपहर के समय प्रभात का शव नदी से बरामद हुआ। घटना के बाद नेपाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विधिक व कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के पिता समेत अन्य परिजन आनन-फानन में नेपाल के लिए रवाना हो गए हैं।
प्रभात के चचेरे भाई ने बताया कि पूरा परिवार खुशी-खुशी नेपाल घूमने निकला था, लेकिन अचानक आए पानी के तेज बहाव ने प्रभात की जान ले ली। इस हृदयविदारक घटना से पूरे नगर पंचायत इटवा में शोक की लहर दौड़ गई है।