सिद्धार्थनगर में AI फोटो से किशोरी को किया ब्लैकमेल, शादी तोड़ने और हत्या की धमकी; कागजों में सिमटे महिला सुरक्षा के दावे
📅 Published on: September 5, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा और ‘मिशन शक्ति’ जैसे बड़े-बड़े अभियानों के दावों के बीच जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। सिद्धार्थनगर जिले के भवानीगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 17 वर्षीय किशोरी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा लेकर न केवल ब्लैकमेल किया जा रहा है, बल्कि उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आधुनिक साइबर अपराधों के दौर में हमारी कानून-व्यवस्था और सरकारी तंत्र कितने लाचार और सुस्त बने हुए हैं।
तकनीक का दुरुपयोग और दबंगई की हदें पार
मामला भवानीगंज थाना क्षेत्र के जंगली पुर गांव का है। पीड़ित किशोरी का आरोप है कि गांव का ही एक सिरफिरा आरोपी उसकी एआई-जेनरेटेड (AI Generated) आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा था। जब पीड़िता का रिश्ता तय हुआ, तो आरोपी की दबंगई और बढ़ गई। उसने मंगेतर और किशोरी के भाई को जान से मारने की धमकी देकर शादी तुड़वाने का दबाव बनाया।
हद तो तब हो गई जब बीते 3 सितंबर को आरोपी निडर होकर किशोरी के घर में घुस आया और उसे घसीटने लगा। रास्ते में उसके साथ मारपीट की गई। जब पीड़िता के बुजुर्ग बाबा बीच-ब बचाव करने आए, तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला करने का प्रयास किया। गनीमत रही कि मौके पर ग्रामीण पहुंच गए और किसी तरह उनकी जान बची।
कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर उठते गंभीर सवाल
यह पूरी घटना न केवल एक अपराधी के दुस्साहस को दर्शाती है, बल्कि क्षेत्र में पुलिस के खौफ की कमी को भी उजागर करती है।
साइबर सुरक्षा का खोखलापन: जब सरकार डिजिटल सुरक्षा और साइबर क्राइम कंट्रोल के लंबे-चौड़े वादे करती है, तब ग्रामीण इलाकों में एआई (AI) जैसी तकनीक का इस्तेमाल करके बेटियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और तंत्र मूकदर्शक बना हुआ है।
पुलिस की सुस्ती: घटना 3 सितंबर की है, लेकिन पीड़िता को अपनी बात मनवाने के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। आखिर क्यों कोई गंभीर वारदात होने का इंतजार किया जाता है?
‘मिशन शक्ति’ का सच: महिला संरक्षण की जमीनी हकीकत यह है कि आज भी अपराधी दिनदहाड़े घर में घुसकर बेटियों को घसीटने और उनके परिजनों पर चाकू से हमला करने की हिम्मत रखते हैं।


