सिद्धार्थनगर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी काजी जलील अब्बासी के स्मृति द्वार का फाउंडेशन जेसीबी से उखाड़ा, एफआईआर दर्ज

Kapilvastupost

डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर): आजादी के आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व सांसद व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय काजी जलील अब्बासी की स्मृति में बनाए जा रहे द्वार पर असामाजिक तत्वों ने बुलडोजर/जेसीबी चला दिया। भवानीगंज थाना क्षेत्र में बेगम काजी जलील अब्बासी इंटर कॉलेज (बयारा) के सामने विधायक निधि योजना (2025-26) के तहत इस स्मृति द्वार का निर्माण कराया जा रहा था। अज्ञात लोगों ने 5 सितंबर की भोर में जेसीबी लगाकर पक्का फाउंडेशन उखाड़ कर फेंक दिया।

विधायक निधि से हो रहा था निर्माण, ठेकेदार ने दी तहरीर निर्माण कार्य करा रही संस्था ‘जय मां वैष्णो देवी इंटरप्राइजेज’ के ठेकेदार संजीव श्रीवास्तव ने भवानीगंज थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। ठेकेदार का कहना है कि स्मृति द्वार के फाउंडेशन का ढलाई कार्य पूरा हो चुका था। आरोप है कि चकमारूफ गांव के एक व्यक्ति ने पूर्व में उप जिलाधिकारी (SDM) डुमरियागंज से इस निर्माण की शिकायत की थी, जिसके बाद रंजिश या साजिश के तहत 5 सितंबर की सुबह भोर में जेसीबी मशीन से पूरे ढांचे को नष्ट कर दिया गया।

क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश, पुलिस जांच में जुटी काजी जलील अब्बासी स्वतंत्र भारत में उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री, डुमरियागंज के सांसद और विधायक रहे थे। सिद्धार्थनगर जिले के गठन में भी उनकी केंद्रीय भूमिका रही है। ऐसी महान विभूति और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के नाम पर बन रहे स्मृति द्वार को इस तरह पहुंचाए गए नुकसान से स्थानीय निवासियों और समर्थकों में भारी आक्रोश है।

भवानीगंज थाना पुलिस ने ठेकेदार की तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी व प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।