बिग ब्रेकिंग न्यूज ,मुहचोरवा घाट हत्याकांड: 1.10 लाख की सुपारी, अवैध संबंध और घरेलू विवाद में हुई थी हरिश्चन्द्र की हत्या, पत्नी समेत 4 गिरफ्तार

निजाम अंसारी

सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मुहचोरवा घाट स्थित बूढ़ी राप्ती नदी के पास 30 अगस्त की रात हुई हरिश्चन्द्र अग्रहरि की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ढेबरुआ पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में हत्या के पीछे अवैध संबंध, घरेलू विवाद और 1.10 लाख रुपये की सुपारी का मामला सामने आया है।

दुर्घटना का रूप देने की रची गई थी साजिश कपियवा निवासी हरिश्चन्द्र की हत्या कर शव को बूढ़ी राप्ती नदी में फेंक दिया गया था। शातिर आरोपियों ने मामले को दुर्घटना साबित करने के लिए उसके ई-रिक्शे को नदी की ओर लटका दिया था। इस संबंध में थाना ढेबरुआ पर मुकदमा अपराध संख्या 120/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया गया था।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।

घेराबंदी कर पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा 8 सितंबर को एसओजी प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश कुमार राय और थानाध्यक्ष ढेबरुआ चन्द्रकान्त पाण्डेय की टीम ने मुखबिर की सूचना पर बढ़नी कस्बे के पचपेड़वा तिराहे के पास घेराबंदी की। पुलिस ने दुधवनिया बुजुर्ग नहर के रास्ते धनौरा जा रहे इरशाद और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने मुहचोरवा घाट से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया। मामले में साक्ष्यों के आधार पर धारा 61(2), 3(5) और 238 BNS की बढ़ोतरी करते हुए चारों आरोपियों को नामजद किया गया।

शराब की लत, अवैध संबंध और हत्या की योजना पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक हरिश्चन्द्र की पत्नी माया देवी के नियाज अहमद से कथित अवैध संबंध थे। हरिश्चन्द्र की शराब पीने की आदत और मारपीट से परेशान होकर माया देवी ने नियाज पर पति की हत्या का दबाव बनाया। इसके बाद नियाज ने 1.10 लाख रुपये में हत्या की सुपारी देकर योजना बनाई। 30 अगस्त की रात हरिश्चन्द्र को मुहचोरवा घाट ले जाकर चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी गई।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

  • इरशाद (30 वर्ष) पुत्र मुनीर, निवासी ग्राम कपिया, थाना इटवा

  • अब्दुल्ला (24 वर्ष) पुत्र कमाल अहमद, निवासी ग्राम रमवापुर उर्फ विशुनपुर, थाना इटवा

  • नियाज अहमद (30 वर्ष) पुत्र रौआब अली, निवासी ग्राम कपिया, थाना इटवा

  • माया देवी (35 वर्ष) पत्नी स्व. हरिश्चन्द्र अग्रहरि, निवासी ग्राम कपियवा, थाना इटवा

बरामदगी और पुलिस टीम को पुरस्कार पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक आला कत्ल (चाकू), 6 मोबाइल फोन, पहचान पत्र (पैन कार्ड, आधार दस्तावेज), 600 रुपये नकद और एयर इंडिया का एक टिकट बरामद किया है।

सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 20 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर न्यायालय भेजा जा रहा है।