📅 Published on: September 19, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। हौसलों की उड़ान में अगर लगन सच्ची हो, तो शारीरिक लाचारी भी कदम नहीं रोक सकती। ऐसा ही एक मिसाल पेश कर रहा है सिद्धार्थनगर जिले के भनवापुर विकासखंड स्थित सेमरा बनकसिया गांव (टोला कलीचक) का रहने वाला 10 वर्षीय करीम। दोनों पैरों से दिव्यांग होने के बावजूद कक्षा 5 का छात्र करीम रोज स्कूल जाता है। उसका सपना पढ़-लिखकर डॉक्टर बनना और गरीबों की सेवा करना है, लेकिन स्कूल तक का सफर उसकी सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है।
करीम बगल के गांव हिजुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाई करता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से ताल्लुक रखने वाले करीम के पास स्कूल जाने के लिए साधन नहीं है। खासकर बारिश के दिनों में जब रास्तों पर पानी और कीचड़ भर जाता है, तब उसका स्कूल पहुंचना बेहद कठिन हो जाता है।
मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से उम्मीद
अपनी इस लाचारी से पार पाने के लिए करीम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में करीम सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से एक इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल दिलाने की भावुक अपील कर रहा है। करीम का कहना है कि अगर उसे इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल मिल जाए, तो उसकी पढ़ाई में आने वाली सबसे बड़ी बाधा दूर हो जाएगी।
मां की आंखें भी हैं नम
करीम की मां रुबीना बानो बताती हैं कि उनका बेटा दोनों पैरों से दिव्यांग होने के बाद भी पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर है। वह चाहती हैं कि सरकार या प्रशासन की तरफ से बेटे को कोई मदद मिल जाए, जिससे वह आसानी से स्कूल आ-जा सके और अपने सपनों को पूरा कर सके।
अब देखना यह होगा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस खबर के बाद जिला प्रशासन और शासन से करीम को कब तक मदद पहुंचती है, ताकि इस होनहार बालक का डॉक्टर बनने का सपना साकार हो सके।