बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे विधायक विनय वर्मा: नाव से जाकर जाना हाल, अधिकारियों को फसल मुआवजे और तुरंत राहत के दिए निर्देश

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बाढ़ के कारण उपजे हालातों का जायजा लेने के लिए स्थानीय विधायक विनय वर्मा खुद जमीनी स्तर पर उतरे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नाव के जरिए जलमग्न क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ितों का हाल जाना और उनकी समस्याएं सुनीं।

विधायक विनय वर्मा ने शोहरतगढ़ विधानसभा के बाढ़ प्रभावित गांव खैरी शीतल प्रसाद के टोला नकोलडीह, पन्नाडीह, दुलारेडीह और ग्राम पंचायत तालकुंडा के टोला तमकुहवा का सघन दौरा किया। इस दौरान उनके साथ एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने नाव के सहारे पानी में डूब चुके टोलों तक पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों से सीधे बातचीत की और उनके दर्द को समझा।

पुलिया व सड़क निर्माण की उठी मांग, मिला आश्वासन दौरे के दौरान नकोलडीह के ग्रामीणों ने गांव के संपर्क मार्ग पर एक पुलिया निर्माण और टोले से आवागमन को सुगम बनाने के लिए 500 मीटर सड़क बनवाने की मांग रखी। विधायक विनय वर्मा ने ग्रामीणों की मांग को संवेदनशीलता से सुनते हुए जल्द से जल्द पुलिया और सड़क का निर्माण करवाने का पूरा भरोसा दिलाया।

फसल नुकसान का सर्वे कराने और मुआवजे के निर्देश विधायक ने मौके पर मौजूद एसडीएम और तहसीलदार को सख्त निर्देश दिए कि बाढ़ से प्रभावित सभी किसानों की फसलों के नुकसान का तत्काल सर्वे कराया जाए, ताकि पीड़ितों को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द मुआवजा मिल सके। उन्होंने कहा, “मैं अपनी सम्मानित जनता-जनार्दन के हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ा हूं और हर स्तर से राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हूं।”