भारत-नेपाल बढ़नी बॉर्डर पर SSB की बड़ी कार्रवाई: गोंडा के दो लोग पिस्टल और 9 कारतूस के साथ गिरफ्तार
📅 Published on: September 29, 2026
Kapilvastupost
बढ़नी। भारत-नेपाल सीमा स्थित बढ़नी चेक पोस्ट पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। रविवार की रात नियमित जांच के दौरान सशस्त्र सीमा बल (SSB) की टीम ने एक चार पहिया वाहन से अवैध 7.62 एमएम पिस्टल और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए। मामले में वाहन सवार गोंडा जिले के निवासी दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान मिली सफलता
50वीं वाहिनी एसएसबी बलरामपुर की बढ़नी समवाय टीम रविवार रात सीमा पर रूटीन चेकिंग कर रही थी। उपनिरीक्षक (SI) प्रियंका यादव और अन्य छह जवानों की टीम ने भारत से नेपाल की ओर जा रही एक चार पहिया गाड़ी को रोककर तलाशी ली। चेकिंग के दौरान गाड़ी के अंदर से 7.62 एमएम पिस्टल और 9 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
नेपाल जा रहे थे आरोपी, गलती से हथियार छूटने का दिया हवाला
एसएसबी द्वारा की गई शुरुआती पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे नेपाल घूमने जा रहे थे। हथियार मिलने पर उन्होंने सफाई दी कि पिस्टल गलती से गाड़ी में छूट गई थी। हालांकि, सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और अवैध रूप से सीमा पार हथियार ले जाने के चलते एसएसबी ने दोनों को तुरंत हिरासत में ले लिया।
ढेबरुआ पुलिस के हवाले किए गए आरोपी
पूछताछ और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद देर रात एसएसबी ने बरामद हथियार, कारतूस और वाहन समेत दोनों आरोपियों को स्थानीय ढेबरुआ पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान:
गौरव कुमार सिंह (41): पुत्र राम नवाज सिंह, निवासी ग्राम मलथुआ शाहजोत, थाना कोतवाली देहात, जिला गोंडा।
प्रमोद कुमार सिंह (50): पुत्र राजकुमार, निवासी आजाद नगर कॉलोनी, सिविल लाइंस-2, जिला गोंडा।


