📅 Published on: November 29, 2026
इटवा और बांसी कस्बे में भी फैला है अवैध डायग्नोस्टिक सेंटरों का जाल
Kapilvastupost
खेसरहा। ब्लॉक सीएचसी के अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार गुप्त ने शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर संचालित निजी स्वास्थ्य केंद्रों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान दो केंद्र बिना पंजीकरण और वैध दस्तावेजों के अवैध रूप से संचालित होते पाए गए, जबकि एक पंजीकृत केंद्र में भी व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं मिलीं।
छापेमारी के दौरान बेलौहा बाजार में चल रही गोरखपुर पैथोलॉजी और पूर्वांचल डेंटल सेंटर में टीम ने जांच की। दोनों केंद्रों के संचालक मौके पर पंजीकरण या संचालन से जुड़े कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर टीम ने दोनों केंद्रों को तत्काल नोटिस थमाते हुए तीन दिन के भीतर जवाब तलब किया है। अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि तय समयसीमा में संतोषजनक जवाब न मिलने पर केंद्रों को सील करने के साथ-साथ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और आगे की कार्रवाई के लिए जनपद मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
इसके अतिरिक्त टीम ने हयात पाली क्लीनिक एवं अल्ट्रासाउंड सेंटर की भी जांच की, जो पंजीकृत पाया गया। हालांकि, निरीक्षण के दौरान तीनों केंद्रों पर साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली, जिस पर टीम ने संचालकों को सख्त हिदायत दी।
अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार गुप्त ने कहा कि ब्लॉक क्षेत्र में अवैध रूप से अस्पताल, पैथोलॉजी या एक्स-रे सेंटर किसी भी कीमत पर संचालित नहीं होने दिए जाएंगे। अवैध संचालन की सूचना मिलने पर आगे भी लगातार छापेमारी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जांच टीम में डॉ. शाहनवाज जहीर और बीपीएम अमरनाथ गुप्त समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे जिले में अवैध डायग्नोस्टिक सेंटरों और क्लीनिकों का जाल फैला हुआ है, लेकिन कई मामलों में कार्रवाई की सुस्ती और विभागीय ढिलाई के कारण इन पर प्रभावी लगाम नहीं लग पा रही है।