📅 Published on: November 29, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के नगवा गांव स्थित कूड़ाघर के टिनशेड में लगी लोहे की पाइप से गमछे के फंदे के सहारे शनिवार सुबह एक युवक का शव लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान मोहाना थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव के टोला लक्ष्मनपुर निवासी रमजान अली उर्फ जमीरुल्लाह (38) पुत्र इस्लाम अली के रूप में हुई है। शनिवार सुबह नगवा गांव स्थित कूड़ाघर के टिनशेड में पाइप के सहारे गमछे के फंदे से उनका शव लटका देखा गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। कुछ ही देर में मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
इस मामले में मृतक के चचेरे भाई जमा की ओर से पुलिस को तहरीर देकर उचित कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।