विशेष अभियान दिवस: एसडीएम शोहरतगढ़ ने सात बूथों का किया निरीक्षण, पात्रों के नाम जोड़ने व डुप्लीकेट प्रविष्टि रोकने के निर्देश

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। विशेष अभियान दिवस के मौके पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) शोहरतगढ़ रवीश कुमार गुप्ता ने विधानसभा क्षेत्र के सात मतदान बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ संख्या 245, 246, 247, 252, 256, 259 और 260 पर पहुंचकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की प्रगति जांची और बीएलओ को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची में कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए। इसके लिए पात्र नागरिकों से फार्म-6 भरवाकर उनके नाम सूची में जोड़ने की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी की जाए। उन्होंने बीएलओ को यह भी निर्देशित किया कि मतदाता सूची में किसी तरह की डुप्लीकेट प्रविष्टि न रहे, इसके लिए सूची का सूक्ष्म परीक्षण किया जाए।

एसडीएम रवीश कुमार गुप्ता ने बताया कि अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए बीएलओ को पर्याप्त मात्रा में फार्म-6, 7 और 8 उपलब्ध करा दिए गए हैं। अंत में उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे।